देहरादून 17 अप्रैल। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अवैध रिफिलिंग पर प्रभावी रोक लगाने हेतु गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा लगातार सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में क्यूआरटी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के समीप एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस सहयोग से मौके से 19 किलोग्राम के 02 गैस सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 04 गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 हैंगिंग वेटिंग मशीन तथा 01 बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) बरामद कर जब्त किए गए। मौके पर शिवम पुत्र मुकेश को अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया।
जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध थाना प्रेमनगर में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग जैसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों को दें।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति संबंधी कुल 09 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में आज लगभग 13,913 घरेलू उपभोक्ताओं तथा 1,005 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में 25,861 घरेलू एवं 4,313 व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी लगातार बढ़ाई जा रही है।
