प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

Share on Social Media


देहरादून, 29 मार्च,(सूचना विभाग ) दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संभावित सहभागिता एवं जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर तैयारियों की व्यापक समीक्षा की तथा रेखीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि  प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण करते हुए मार्ग पर सौन्दर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत, सड़क सुधार सहित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों के अंतर्गत सड़क किनारे पड़ी केबलों को तत्काल हटाया जाए, जिससे आवागमन बाधित न हो तथा मार्ग सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बना रहे।

कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय सहित सभी आधारभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं संभावित रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत संभावित रूट पर संचालित सभी निर्माण कार्यों हेतु पूर्व में जारी अनुमतियां कार्यक्रम अवधि तक तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *