एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने हेतु क्यूआरटी टीम सक्रिय, जिले में आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी

Share on Social Media


देहरादून, दिनांक 23 मार्च। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा शत-प्रतिशत होम डिलिवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। क्यूआरटी टीम द्वारा आज विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित सभी गतिविधियों की समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से गैस आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता अथवा अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिले में लगभग 15,118 अतिरिक्त उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर तथा 369 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडरों का लगभग 88 हजार का बैकलॉग लंबित है, जबकि घरेलू एलपीजी के 42,334 तथा व्यवसायिक एलपीजी के 1,535 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।

बैकलॉग का मुख्य कारण पिछले दिनों तीन दिन तक बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या रही, जिसके चलते उपभोक्ताओं को मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से गैस आपूर्ति की गई। अब लगभग 25 हजार से अधिक प्रविष्टियों को सॉफ्टवेयर पर अद्यतन किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *