उत्तराखण्ड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा

Share on Social Media

देहरादून 22 मार्च । उत्तराखण्ड सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रियों के बीच विभागों का बहुप्रतीक्षित बंटवारा कर दिया है। हाल ही में पाँच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के पश्चात किए गए इस आवंटन में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विभाग अपने पास ही रखे हैं।

नए विभागीय आवंटन के अनुसार मुख्यमंत्री धामी के पास मंत्रिपरिषद, कार्मिक एवं सतर्कता, गृह, वित्त, राजस्व, ऊर्जा, औद्योगिक विकास, श्रम, पेयजल, आबकारी, न्याय, नागरिक उड्डयन तथा आवास सहित कई अहम विभागों की जिम्मेदारी रहेगी।

मंत्रिमंडल में वरिष्ठ मंत्री सतपाल महाराज को लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, संस्कृति और सिंचाई जैसे प्रमुख विभाग सौंपे गए हैं। वहीं गणेश जोशी को कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है।

शिक्षा से जुड़े सभी प्रमुख विभाग धन सिंह रावत को सौंपे गए हैं, जबकि सुबोध उनियाल को वन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सहित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। रेखा आर्य को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग दिए गए हैं।

इसके अलावा सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन एवं कौशल विकास, खजान दास को समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण, भरत सिंह चौधारी को ग्राम्य विकास एवं एमएसएमई, तथा मदन कौशिक को पंचायतीराज एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं प्रदीप बत्रा को परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन से जुड़े विभाग आवंटित किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि नए विभागीय बंटवारे से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *