सल्ट विधानसभा में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर

Share on Social Media


अल्मोड़ा 22 मार्च। कुमाऊं मंडल दौरे के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कार्यकर्ता बैठक में भाग लिया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

बैठक के दौरान गोदियाल ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता की आधारशिला मजबूत बूथ संगठन होता है, इसलिए बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। साथ ही, कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने पर जोर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जहां संगठन कमजोर है, वहां उसे अधिक सक्रिय और ऊर्जावान बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी संगठनात्मक इकाइयों से पार्टी नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों को सफल बनाने और विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस को मजबूत रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता बैठकों के माध्यम से विधानसभा स्तर पर सुझाव लिए जा रहे हैं और संगठन की कमियों को दूर करने के लिए शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है।
बैठक के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याएं एवं सुझाव भी प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखे, जिन पर गोदियाल ने गंभीरता से विचार करते हुए समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, प्रमुख सल्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, बीएलए-2 कार्यकर्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *