2027 विधानसभा चुनाव में बदलाव तय, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाएगी कांग्रेस: गणेश गोदियाल

Share on Social Media


श्रीनगर गढ़वाल, 20 मार्च। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता कांग्रेस पार्टी को आशीर्वाद देकर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार गहराई तक फैल चुका है और भाजपा सरकार तानाशाही एवं निरंकुश रवैया अपनाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। गोदियाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश के बेहतर वर्तमान और भविष्य के लिए सत्ता परिवर्तन आवश्यक हो गया है तथा सत्ता की निरंकुशता को समाप्त करने के लिए बदलाव जरूरी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा। उनका कहना था कि बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी, चमोली और पौड़ी जैसे पर्वतीय जिलों के विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास की वास्तविक उम्मीद गैरसैंण को राजधानी बनाए जाने के बाद ही पूरी हो सकेगी।

राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर प्रतिक्रिया देते हुए गोदियाल ने कहा कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा में बढ़ती अंदरूनी कलह को देखते हुए धामी सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ विधायकों को सम्मान देने के बजाय कांग्रेस छोड़कर आए नेताओं को अधिक महत्व दिया है, जिसके कारण मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं को मंत्री बनाया गया।

उन्होंने कहा कि आंतरिक विवादों को दबाने के उद्देश्य से किया गया यह मंत्रिमंडल विस्तार भी भाजपा की अंदरूनी कलह को समाप्त नहीं कर पाएगा और चुनाव से पहले पार्टी में टकराव की स्थिति बनी रहेगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *