देहरादून। आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली।इस अवसर पर उन्होंने सभी देश व प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दिन ही भारतीय संविधान लागू हुआ था और भारत ने वास्तविक रूप सम्पूर्ण लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में कार्य करना प्रारंभ किया।

उन्होंने बताया कि हम सभी देश वासियों को अपने स्वतन्त्रता सेनानीयों तथा संविधान निर्माताओं की मूल भावना का आदर करते हुए आगे बढ़ते रहना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों के योगदान को सराहा।उन्होंने कहा कि आज भारत नित्य नए आयाम छू रहा है पूरे विश्व में देश की साख बढ़ी है।हम सबको भी मिलकर देश की उन्नति में योगदान देने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न अधिकारियों को सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में सूचना विभाग की झांकी ने लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया।”रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” पर आधारित इस झांकी में राज्य के पच्चीस वर्षों की विकास यात्रा के साथ ही तीर्थाटन पर्यटन विकास से जुड़े पहलुओं को दिखाया गया है
