देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रविवार सुबह सवा दस बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर द्वारा हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने स्वर्ण पदक विजेता छात्रों को सम्मानित किया।

पतंजलि हैलीपैड पर पहुंचने पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। समारोह के उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय के अकादमिक स्टाफ व विद्यार्थियों के साथ फोटो सेशन में भाग लिया।
इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मु देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचीं, जहां उन्होंने फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। यह 105 फीट लंबा पैदल पार पुल राष्ट्रपति निकेतन को आगामी राष्ट्रपति उद्यान (132 एकड़ परिसर) से जोड़ता है। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल हिमालयी वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। रैंप और रेलिंग सहित यह पुल पूरी तरह से सुगम पहुंच और सुरक्षा प्रदान करता है।
परिसर में विकसित 0.7 एकड़ का घुड़सवारी क्षेत्र राष्ट्रपति के अंगरक्षकों की ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। सीपीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित इस अत्याधुनिक क्षेत्र में 8 घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, स्नान व चारा कक्ष तथा आगंतुकों के लिए विशेष देखने का गलियारा बनाया गया है।
राष्ट्रपति ने इन दोनों नई सुविधाओं — पैदल पार पुल (फुट ओवर ब्रिज) और घुड़सवारी क्षेत्र — का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के साथ राष्ट्रपति निकेतन परिसर अब आधुनिकता, सुरक्षा और हिमालयी विरासत का अद्भुत संगम बन गया है।
यह परिसर आम आगंतुकों के लिए सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। आगंतुकों के लिए निर्देशित भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है, जिससे वे राष्ट्रपति सर्किट के समृद्ध अनुभव का आनंद ले सकेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु सोमवार को राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को सुबह 11 बजे संबोधित करेंगी। शाम साढ़े पांच बजे वह नैनीताल राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रम में भाग लेंगी।
मंगलवार सुबह वह कैंचीधाम स्थित बाबा नीब करौरी आश्रम में दर्शन करेंगी और अपराह्न तीन बजे कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
