देहरादून। राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती उत्सव इस बार विशेष होने जा रहा है, क्योंकि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह पहला अवसर होगा जब देश के प्रधानमंत्री राज्य स्थापना दिवस के इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होकर उत्तराखंडवासियों का उत्साहवर्धन करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सोमवार को जिला अधिकारी सविन बंसल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात योजना, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, मंच सज्जा तथा अन्य सभी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं ताकि प्रधानमंत्री के आगमन पर किसी प्रकार की कमी न रह जाए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का यह रजत जयंती पर्व उत्तराखंड की उपलब्धियों और आत्मगौरव का प्रतीक है, इसलिए आयोजन की भव्यता और अनुशासन दोनों सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पुलिस, लोक निर्माण विभाग, पर्यटन, नगर निगम, और सूचना विभाग के अधिकारी शामिल थे। सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप अंतिम तैयारियों को गति देने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनज़र सुरक्षा, स्वच्छता और ट्रैफिक प्रबंधन की सभी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि आगंतुकों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
