देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं पर कड़ा रुख अपनाया है। पाबौ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर रावत को तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है, जबकि प्रदेश सचिव दीपक असवाल और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा नेगी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकान्त धस्माना ने बताया कि सुधीर रावत ने पार्टी समर्थित उम्मीदवार का विरोध करते हुए विपक्षी उम्मीदवार के रूप में कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए नामांकन किया और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ कार्य किया। यह कदम न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ धोखा है।
इसी प्रकार, दीपक असवाल और तारा नेगी ने भी पार्टी समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में भागीदारी की है, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
धस्माना ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी अनुशासन की रेखा पार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।