उत्तराखंड,देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने एलयूसीसी घोटाले, स्कूलों द्वारा अनियंत्रित फीस वृद्धि और कुट्टू के आटे में मिलावट के खिलाफ सहकारिता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के निवास पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने एलयूसीसी घोटाले को देवभूमि के लिए कलंकित करने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि “द लोनी अर्बन मल्टी क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी” में निवेशकों के पैसों की धोखाधड़ी और सोसायटी द्वारा अपने पोर्टल को बंद कर दिए जाने से यह स्पष्ट होता है कि जनता को ठगने की साजिश रची गई। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए मांग की कि सरकार को इस सोसायटी से जवाब तलब कर जनता का पैसा सूद सहित वापस दिलाना चाहिए। अन्यथा, महिला कांग्रेस राज्यभर में आंदोलन करेगी।
रौतेला ने कुट्टू के आटे में मिलावट से बीमार हुए लोगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि यह कोई नया मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें रोजगार देने में असफल साबित हो रही हैं और अब बेरोजगारों पर ही लाठियां बरसाने का काम कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि गरीब और बेरोजगार इतनी बढ़ी हुई फीस कैसे देंगे? इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों ने अपने पसंदीदा बुकसेलरों से किताबों की कीमतें बढ़वाकर कमीशन लेना शुरू कर दिया है, जिससे साफ झलकता है कि सरकार और स्कूल प्रबंधन की मिलीभगत है।
इस विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महामंत्री निधि नेगी, अनुराधा तिवाड़ी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, शोभा बडोनी, अमृता कौशल, दीपा चौहान, भावना, देवेंद्र कौर, लीला देवी, मंजीत, शकुंतला पुंडीर, रेखा डिंगरा समेत सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
