देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, सौन्दर्यीकरण, सड़क एवं पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्निवाल को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए मसूरी की ऐतिहासिक विरासत, स्थानीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक व्यंजनों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अन्य पर्यटन क्षेत्रों के सफल आयोजनों से सीख लेते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्निवाल पर्यटन संवर्धन के साथ स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं एवं कलाकारों के लिए रोजगार और आय के अवसर बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यटक हितैषी बनाने के लिए सभी विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसपी जया बलूनी, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
