देहरादून। मौसम विभाग, देहरादून ने 30 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल एवं चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की भी संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने भी सचिव से वार्ता कर आमजन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि खराब मौसम या संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
