देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 1 नवम्बर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली विशाल ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में उत्तराखण्ड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। रैली में प्रदेश के सभी जनपदों से पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के प्रतिनिधि तथा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राजीव महर्षि ने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और आम नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता एवं निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं, लेकिन इन सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल मतदान करने का अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक पहचान और संवैधानिक भागीदारी का आधार है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से अनुचित तरीके से हटाया जाता है या चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित होती है, तो यह केवल एक व्यक्ति के अधिकार का हनन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना पर चोट है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं होने देगी।
महर्षि ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों में पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और प्रत्येक नागरिक के वोट की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठा रहे हैं। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए निर्वाचन आयोग सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जवाबदेह होना आवश्यक है। चुनावी व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान कई गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आपत्तियां प्रस्तुत किए जाने, एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराने तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की आशंकाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी चिंताएं और आपत्तियां रखती रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के नाम पर किसी भी पात्र नागरिक के मताधिकार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिल्ली रैली को लेकर व्यापक उत्साह है। पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से हजारों कांग्रेसजन नई दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए आयोजित इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से रैली को मजबूती मिलेगी और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश देशभर में पहुंचेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों के साथ-साथ लोकतंत्र में आस्था रखने वाले नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे 1 नवम्बर को नई दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की गरिमा बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इस राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के अपने संकल्प को और मजबूत करेगी।
