चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media

देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच, आवास व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में संचालित पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिलना चाहिए।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी रूप से संचालित होती रहें, यह सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी संवाद किया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत की। श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *