पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले गंभीर चिंता का विषय, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार: गणेश गोदियाल

Share on Social Media


देहरादून। पौड़ी गढ़वाल के बछेली ग्रामसभा में बाघ के हमले में महिला की दर्दनाक मौत पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गोदियाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों की लगातार सामने आ रही घटनाएं ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पौड़ी गढ़वाल सहित प्रदेश के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में लोग खेती-बाड़ी, मवेशियों की देखभाल और दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी ही जमीन और आसपास के जंगलों में असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में प्रदेश सरकार और वन विभाग की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

उन्होंने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की कि बाघ के हमले में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को नियमानुसार उचित एवं पर्याप्त मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने वन विभाग और जिला प्रशासन से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग भी की।

गोदियाल ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य की इस प्रकार असमय मृत्यु केवल उस परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरा दुःख है। सरकार को ग्रामीणों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मांग करती है कि प्रभावित परिवार को न्यायोचित सहायता देने के साथ ही क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *