सोशल मीडिया पर वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं, अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई: विक्रम सिंह नेगी

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक विक्रम सिंह नेगी ने पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की जा रही अनर्गल टिप्पणियों और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के विरुद्ध इस प्रकार का प्रचार संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की मर्यादाओं के खिलाफ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने और संगठन की गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। सोशल मीडिया के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां करना और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर अनुशासनहीनता है। इस तरह की गतिविधियां न केवल पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि संगठन की एकता और आपसी विश्वास को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने संबंधित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों को तत्काल प्रभाव से हटाएं तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करें। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करने और अनुशासनहीनता जारी रखने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ संगठन के नियमों के अनुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए एकता, अनुशासन और आपसी सम्मान बेहद आवश्यक हैं। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी के हितों को प्राथमिकता दे और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप आचरण करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की मजबूती सामूहिक प्रयासों, आपसी समन्वय और अनुशासित कार्यशैली से ही सुनिश्चित की जा सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *