देहरादून। पितृ पक्ष के अंतिम दिवस पितृ विसर्जन अमावस्या की पावन तिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए विधि-विधान से तर्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वज हमारी जड़ों, संस्कारों और जीवन-मूल्यों के आधार हैं। उनके आदर्शों, त्याग और जीवन से प्राप्त सीख ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना तथा उनके योगदान का स्मरण करना हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न अंग है।
उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष हमें अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने, उनके आदर्शों को आत्मसात करने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर उन्होंने प्रार्थना की कि पूर्वजों का स्नेह, पुण्य और आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे तथा उनके आदर्श समाज को सदैव सही दिशा प्रदान करते रहें।
