सेवा संकल्प अभियान के शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री, जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और शासन-प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में संचालित सेवा संकल्प अभियान जनसेवा और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पूर्व में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। सरकार इसी भावना के अनुरूप जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

धामी ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श सहित विभिन्न सरकारी सेवाएं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनता को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *