नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को शारदीय नवरात्रि और मेले की स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर प्रदेश को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, रिंग रोड निर्माण, जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा देने की जानकारी दी। उन्होंने नरेंद्रनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मेले में छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा परंपरा, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, मां कुंजापुरी, भारत की गौरवशाली बेटियों और बदलते नरेंद्रनगर पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
