मतदाता सूची पुनरीक्षण में दावों-आपत्तियों की सुपर चेकिंग, डीएम ने लिया आवेदनों की जांच का जायजा

Share on Social Media


देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद देहरादून में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के अंतर्गत सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग कार्य का निरीक्षण कर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के सत्यापन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त नए मतदाता पंजीकरण संबंधी आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों की जांच निर्धारित प्रक्रिया एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर पारदर्शिता के साथ करने पर जोर दिया।

सुपर चेकिंग के दौरान 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अभिषेक कुमार, निवासी 237/2 इंद्र कॉलोनी, नेशविला रोड, देहरादून द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन प्रक्रियाधीन पाया गया। वहीं, इसी विधानसभा क्षेत्र की सोनिया, निवासी न्यू खाला गांव, मसूरी रोड, देहरादून के फॉर्म-6 आवेदन की जांच के उपरांत उसे निरस्त पाया गया। संबंधित आवेदक को आवेदन में पाई गई कमी से अवगत कराते हुए आवश्यक अभिलेख संलग्न कर पुनः फॉर्म-6 भरवाने के लिए संबंधित बीएलओ को निर्देशित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्षता और गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सुपर चेकिंग का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपादित करें। आवेदनों की जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पात्र आवेदकों को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी निर्वाचन के लिए शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *