कांग्रेस कार्यालय कर्मी संगठन की रीढ़, उनके योगदान को सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी: करन माहरा

Share on Social Media


देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस पिछड़ा वर्ग महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिया थापा की ओर से कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कार्यालय कर्मियों के लंबे समय से किए जा रहे योगदान और सेवाओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी पार्टी संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अल्प वेतन में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दिन-रात संगठन की सेवा कर रहे हैं। पार्टी के कार्यक्रमों से लेकर चुनावी गतिविधियों तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। ऐसे में समय-समय पर उनका सम्मान और उत्साहवर्धन करना संगठन की जिम्मेदारी है।

करन माहरा ने सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए  पिया थापा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कर्मचारियों के सम्मान की जो परंपरा शुरू की है, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।
राजीव गांधी पंचायती राज विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में न होने के बावजूद कार्यालय कर्मी पूरी लगन और मेहनत से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम और चुनाव में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को निरंतर गति देने में कर्मचारियों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री अजय सिंह ने  पिया थापा के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ ही संगठन के प्रति उनके समर्पण को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान विशेष कार्याधिकारी प्रकाश रतूड़ी, कार्यालय अधीक्षक पृथ्वीराज सिंह बोरा, कार्यालय सहायक राकेश चौहान, राकेश रतूड़ी, साधना तिवारी, अंकित चौहान, सौरभ कुमार, दलीप सिंह रावत, अनिल कुमार एवं आशीष नेगी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बसनेत, विजय शाही सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *