नशामुक्त भारत अभियान: विशेष शपथ अभियान की अवधि 18 अक्टूबर तक बढ़ी

Share on Social Media


देहरादून। जनपद देहरादून में ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष शपथ अभियान की अवधि बढ़ाकर 18 अक्टूबर 2026 तक कर दी गई है। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।

अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, स्थानीय निकायों, होटल एवं होम स्टे, हॉस्टलों तथा खेल संस्थानों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने को कहा है। इसके अतिरिक्त सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों, स्थानीय नागरिकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थानों को आयोजित किए जाने वाले शपथ कार्यक्रमों की निर्धारित सूचना एवं प्रमाण-पत्र संकलित कर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अभियान की प्रगति का प्रभावी अनुश्रवण किया जा सके।

नशामुक्ति की शपथ ऑनलाइन माध्यम से क्यूआर कोड अथवा ऑनलाइन ई-प्लेज पोर्टल के माध्यम से ली जा सकती है। ऑनलाइन शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित संस्थानों से 18 अक्टूबर तक अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं निर्धारित सूचना समाज कल्याण विभाग, देहरादून को उपलब्ध कराने को कहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *