उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी पहुंचकर पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के पिछले ढाई दशकों में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सेवा ज्योति यात्रा इसी जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। शासन को केवल सरकारी कार्यालयों और फाइलों तक सीमित न रखकर उसे आमजन के द्वार तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार की पावन धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के इस विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ही उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
धामी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल व्यवसाय में लगभग 25 प्रतिशत और होमस्टे की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। राज्य की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखण्ड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तथा लगातार चार वर्षों से राज्य को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का सम्मान मिल रहा है। उत्तराखण्ड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल की है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जनपद में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जिनमें 26 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके साथ ही सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सख्त नकल विरोधी कानून के परिणामस्वरूप पिछले लगभग पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उसे अपने कर्तव्यों और दायित्वों में उतारना होगा। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इसकी शीघ्र स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। डोडीताल, अवाना बुग्याल एवं हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास और सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण एवं केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
