देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद निर्वाचन नामावली में शामिल होने से वंचित रह गए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए जनपद देहरादून में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन नामावली में नाम जुड़ने से वंचित रह गए सभी पात्र भारतीय नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष अभियान बूथ स्तर पर चलाया जाएगा। इसके उपरांत 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक चरण में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी ईआरओ अपनी-अपनी विधानसभा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित कर अभियान की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सारणी की जानकारी साझा करें। साथ ही बीएलओ को उनके दायित्वों, प्रक्रिया एवं समय-सीमा के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना ही नहीं, बल्कि निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना भी है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए। प्राप्त आवेदनों एवं फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवार एवं बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने तथा अभियान की दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और पात्र नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, कांग्रेस से जसविन्दर सिंह गोगी एवं सुनील जायसवाल, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
