पोखड़ा,पौड़ी गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन बुधवार को विकासखंड पोखड़ा में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पोखड़ा विकासखंड में पिछले कुछ समय में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत एवं पूर्ण कराए गए हैं। दूरस्थ कोला क्षेत्र में वर्षों से लंबित बरसौंड देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। इस योजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लगभग 40 छोटे-बड़े गांवों एवं तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कोला-1 एवं कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिसका कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त बिजोरापानी से कुंजखाल सहित आवश्यक स्थानों पर 56 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण कराया गया है।
विधायक निधि के माध्यम से क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। वहीं विद्यालय भवनों के निर्माण, क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामसभा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं।
उन्होंने शिविर में पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी भावना के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने पोखड़ा विकासखंड में 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की धनराशि से निर्मित बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मोटर मार्ग के 8 किमी से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विकासखंड जयहरीखाल के अंतर्गत 70.75 लाख रुपये की धनराशि से तहसीला लिंक मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास तथा घेरुवा से गुठखंड मलाणा तक 93.17 लाख रुपये की धनराशि से निर्मित होने वाले मोटर मार्ग के द्वितीय चरण, स्टेज-1 का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर महाराज ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अपने निवास स्थान विकासखंड पोखड़ा स्थित सेडियाखाल में मुख्यमंत्री राहत कोष से लाभान्वित होने वाले पात्र लोगों को चेक वितरित किए। साथ ही एबीवीपी से जुड़े युवाओं को सम्मानित किया और युवाओं से सामाजिक सरोकारों के साथ क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेहतर सड़क संपर्क से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, वहीं पेयजल योजनाओं से ग्रामीणों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में पोखड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, विधायक प्रतिनिधि प्रभुराम बुडाकोटी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
