देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति एवं उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में शहरी निकाय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD),प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के सुधार के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि PMGSY के तहत निर्मित ऐसी पुरानी सड़कों,जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव संभव नहीं हो पा रहा है, उनके सुधार के लिए राज्य सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य एक साथ युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभाग अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें तथा निविदा प्रक्रिया समय रहते पूर्ण की जाए,ताकि बारिश समाप्त होते ही कार्य प्रारंभ करने में किसी प्रकार की देरी न हो।
धामी ने शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं और मंत्रीगण अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे तथा सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित और सुगम सड़क व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करना होगा।
