नागरिक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन सख्त,स्ट्रीट लाइट,सड़कों, कूड़ा प्रबंधन,खाद्य सुरक्षा व बिजली चोरी पर 20-20 अधिकारियों की टास्क फोर्स गठित

Share on Social Media

देहरादून (सूचना विभाग)। राजधानी देहरादून में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्ट्रीट लाइट,गार्बेज प्वाइंट मोटर मार्ग,खाद्य सुरक्षा तथा विद्युत चोरी की रोकथाम के लिए 20-20 जिला स्तरीय अधिकारियों की पृथक टास्क फोर्स गठित की है। सभी टास्क फोर्स को दैनिक रूप से फील्ड निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों को समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

टास्क फोर्स रात्रि में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का निरीक्षण करेगी। खराब अथवा बंद लाइटों की गूगल लोकेशन और फोटो तत्काल संबंधित विभाग को उपलब्ध कराकर मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा डंपिंग स्थलों की सफाई तथा प्रमुख मार्गों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं।

जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए गोदामों,किराना दुकानों, मिठाई की दुकानों,होटल और ढाबों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा स्लम एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत चोरी की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का लाभ ले रहे अपात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके नाम नियमानुसार हटाए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच सके। वहीं सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से मांगी जा रही एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार,अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *