देहरादून। बाल लिंगानुपात में सुधार तथा बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में 15 अगस्त 2026 को ‘कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा (Save The Girl Child Pledge)’ दिलाई जाएगी।
जिला समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी डिग्री कॉलेजों, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कार्मिकों को कन्या भ्रूण संरक्षण की शपथ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रतिज्ञा के माध्यम से लिंग भेदभाव एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने, बेटियों को बेटों के समान प्रेम, पोषण, सुरक्षा एवं आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दिलाया जाएगा।
साथ ही घर समाज एवं आसपास ऐसा सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया जाएगा, जहां प्रत्येक बेटी स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और गरिमा के साथ जीवन जी सके।
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना से जोड़ते हुए कन्या भ्रूण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
