देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति, डिफेंस कॉलोनी द्वारा आयोजित शिवमहापुराण कथा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से है। राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिलने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सद्भाव की भावना भी सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर कथा व्यास एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री धामी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।