पौड़ी,चाकीसैंण। जनता जूनियर हाईस्कूल जाख में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी एवं भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के गीतों और जोशीले नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र रौथाण एवं वरिष्ठ सहायक अध्यापक राजेश रतूड़ी के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी जूनियर हाईस्कूल जाख से प्रारंभ होकर लगभग एक किलोमीटर दूर ऊफरांई मंदिर तक पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में लौटी। यात्रा में प्राथमिक विद्यालय जाख एवं आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चे भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ‘भारत माता की जय, वंदे मातरम्, और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
विद्यालय मैदान में प्रातः 9 बजे प्रधानाध्यापक, विद्यालय के प्रबंधक, ग्राम प्रधान, जाख भ्रातृ मंडल के पदाधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ वातावरण में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो उठी।
इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग एवं बलिदान की स्मृतियां ताजा कर दीं।
इस अवसर पर जाख भ्रातृ मंडल देहरादून की ओर से वर्तमान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनता जूनियर हाईस्कूल जाख एवं प्राथमिक विद्यालय जाख के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पदक एवं सहयोग राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनता जूनियर हाईस्कूल जाख में प्रथम स्थान प्राप्त धन्नी पुत्र स्व0 पूर्ण लाल तथा द्वितीय स्थान प्राप्त मयंक रौथाण पुत्र हयात सिंह और प्राथमिक विद्यालय जाख में प्रथम स्थान प्राप्त अंश पुत्र मानवेन्द्र सिंह तथा द्वितीय स्थान प्राप्त कुं. शिवानी पुत्री विपिन गुसाईं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक अध्यापक राजेश रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर जाख भ्रातृ मंडल के उपाध्यक्ष जसपाल गुसाईं, महासचिव राजेंद्र सिंह गुसाईं एवं कोषाध्यक्ष विजय पटवाल ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान की अमर गाथा है।
उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, सरदार पटेल सहित असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान है। उन महान सपूतों के त्याग को नमन करना और उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आपकी सफलता केवल आपके परिवार की नहीं, बल्कि आपके गुरुजनों और पूरे विद्यालय परिवार की सफलता है। अंक सफलता का एक पड़ाव हो सकते हैं, लेकिन जीवन की वास्तविक सफलता अच्छे संस्कार, अनुशासन, ईमानदारी, विनम्रता, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना से प्राप्त होती है। अपने ज्ञान और प्रतिभा को समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में लगाना ही सच्ची देशभक्ति है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र रौथाण ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उपस्थित जनसमुदाय एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों के सपनों का भारत बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर ईमानदारी से योगदान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखना केवल सरकार या सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। हमें देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए भारत को ज्ञान, विज्ञान, शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
समारोह में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान,विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, जाख भ्रातृ मंडल के पदाधिकारी, अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
