मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखण्ड में रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी प्रगति

Share on Social Media

देहरादून। उत्तराखण्ड में रेल सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है। देहरादून एवं राज्य के अन्य क्षेत्रों को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करने तथा जनसुविधा से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में अवगत कराया है कि उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पूर्व में प्रेषित विभिन्न प्रस्तावों, जिनमें देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस का मुंबई तक विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल सेवाओं से जुड़े सुझाव शामिल हैं, पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

रेल मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए सभी प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा तथा परीक्षण उपरांत उपयुक्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इससे उत्तराखण्ड की रेल कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का एक प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थाटन राज्य है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। साथ ही राज्य के बड़ी संख्या में निवासी देश के विभिन्न महानगरों, विशेषकर मुंबई एवं पश्चिम भारत में निवास करते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार राज्यवासियों, यात्रियों, तीर्थयात्रियों तथा पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से उत्तराखण्ड की रेल संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के आर्थिक, पर्यटन और सामाजिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *