मुख्य सचिव ने विभागाध्यक्षों को उपनलकर्मियों के अनुबंध, पदोन्नति एवं एसीआर कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

Share on Social Media

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सचिवगणों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने उपनलकर्मियों एवं विभागों के मध्य होने वाले अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के संबंध में सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागाध्यक्ष आगामी तीन दिनों के भीतर अपने विभाग के अंतर्गत कार्यरत उपनलकर्मियों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में यह कार्य पूरा न होने की स्थिति में संबंधित विभागाध्यक्ष के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य सचिव ने विभागों में कर्मचारियों की पदोन्नति एवं वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) से संबंधित लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के संबंध में पूर्व में जारी शासनादेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून, 2027 तक पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया अगले एक माह के भीतर प्रारंभ कर दी जाए।

उन्होंने सभी विभागों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की एसीआर प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना को उद्यान विभाग तथा कृषि विभाग की अन्य लाभार्थी-आधारित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से जुड़े सभी विभागों में सीबीडीसी के विस्तार की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों के लिए सीबीडीसी योजना पर एक कार्यशाला आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फ़ैन्नई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली,  नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अद्यांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस. एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *