एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए 9 वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती

Share on Social Media


देहरादून।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशों पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति, प्रक्रिया एवं आगामी कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुल 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड एवं विसंगति वाले 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 15 लाख से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्यवाही जारी है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपादित की जा रही है। प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर की प्रगति एवं प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र नामों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से अनिल गोयल एवं राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से मनोज रावत एवं मौ. सुलेमान अंसारी, बहुजन समाज पार्टी से सत्यपाल,सतेंद्र,  जसपाल एवं सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से श्याम बाबू पांड्य तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *