तमक नाले में लापता BRO हवलदार पंकज सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद

Share on Social Media


ज्योतिर्मठ,चमोली। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में 10 अगस्त को अतिवृष्टि के कारण आए तेज बहाव और भारी मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) की 123 इकाई में तैनात चालक हवलदार पंकज सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया।

10 अगस्त को क्षेत्र में हुई भारी बारिश के दौरान तमक नाले में अचानक तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा आ गया था। इसी दौरान BRO में चालक के पद पर तैनात हवलदार पंकज सिंह इसकी चपेट में आकर लापता हो गए थे। घटना के बाद से ही उनकी तलाश के लिए लगातार व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा था।

लगातार विषम मौसम, तेज जलधारा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज एवं बचाव दलों ने अभियान जारी रखा। 12 दिनों तक चले अथक प्रयासों के बाद आखिरकार पंकज सिंह का शव बरामद कर लिया गया।

हवलदार पंकज सिंह के शव की बरामदगी से लंबे समय से चल रहे खोज अभियान का अंत हुआ। घटना से उनके परिजनों, सहकर्मियों और क्षेत्र में शोक की लहर है। संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

प्रशासन एवं बचाव दलों ने विपरीत परिस्थितियों में लगातार अभियान चलाकर लापता जवान की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *