देहरादून। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में राजीव भवन राजपुर रोड, देहरादून में आधुनिक भारत के निर्माता एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके योगदान को याद किया।
प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी का संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर सेवादल की ओर से स्व. राजीव गांधी के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने स्व. राजीव गांधी को भारत में सूचना क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने तथा पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण कदमों के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र को मजबूत किया।
प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि स्व. राजीव गांधी की सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी निर्णय आज भी देश के विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता एवं अखंडता के लिए स्व. राजीव गांधी का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्व. राजीव गांधी के आधुनिक एवं शक्तिशाली भारत के सपने को साकार करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, नीरज त्यागी, पंकज क्षेत्री, गोपाल सिंह गड़िया, सावित्री थापा, प्रीतम सिंह आर्य सहित प्रदेश कांग्रेस, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
