देहरादून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के सफल संचालन हेतु निर्वाचन आयोग ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए ₹350 की धनराशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी. वी. आर. सी. पुरुषोत्तम की विशेष पहल पर प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ के लिए भुगतान संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। अभियान के तहत बीएलओ 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करेंगे। इसके साथ ही मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना फॉर्मों को “बीएलओ ऐप” के माध्यम से डिजिटल रूप से अपलोड एवं सत्यापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में मोबाइल डाटा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बीएलओ को कार्य के दौरान डाटा की किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक माह के मोबाइल रिचार्ज प्लान हेतु ₹350 की धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी एवं सुचारु रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
