देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, उद्योग, निवेश, पर्यटन, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार ने योजनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं तथा राज्य देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। नंदा गौरा योजना के तहत अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को लाभान्वित किया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को करीब 148 करोड़ रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ का न्यूनतम खरीद मूल्य 5,200 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी, ड्रैगन फ्रूट मिशन और महक क्रांति के माध्यम से खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
निवेश और औद्योगिक विकास के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य टॉप अचीवर्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में शामिल हुआ है। निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रदेश को पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य गतिमान है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है और प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुधारों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से यूसीसी लागू की गई। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। धर्मांतरण विरोधी कानून को सख्त करने के साथ दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सख्त भू-कानून के तहत प्रदेश के 11 जनपदों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। प्रदेश में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है तथा 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर कार्य जारी है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। देहरादून-मसूरी रोपवे निर्माणाधीन है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। देहरादून एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विस्तार और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई है।
पर्यटन एवं धार्मिक गतिविधियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। वेडिंग डेस्टिनेशन, योग और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाई गई हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक और नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
ऊर्जा और पेयजल के क्षेत्र में उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी में एक हजार मेगावाट की वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। किसाऊ बांध परियोजना पर छह राज्यों के बीच सहमति बनी है। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं और 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
ग्रामीण विकास, खेल और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 गांवों में 270 करोड़ रुपये की लागत से करीब 200 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। प्रदेश की 7,817 ग्राम पंचायतों में से 5,972 में पंचायत भवन अथवा सचिवालय की सुविधा उपलब्ध है। पंचायत भवन निर्माण के लिए अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये की गई है। वन्यजीवों के हमले में मृत्यु होने पर प्रभावित परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं, उत्तराखण्ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए। हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है। प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं।
राज्य आंदोलनकारियों और कोविड प्रभावित क्षेत्रों के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल में पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र को 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र को 205 करोड़ रुपये तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। शहीद आंदोलनकारियों के परिवारों, जेल गए एवं घायल आंदोलनकारियों और सक्रिय आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि की गई है। आंदोलनकारियों के अधिकतम दो बच्चों को स्कूल एवं कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा तथा उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। अग्निवीरों के लिए अग्निवीर सेल का गठन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना है। विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
