देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को 7 दिसंबर तक निर्वाचन से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने टेंट, बैरिकेडिंग, लेखन सामग्री, भोजन, वीडियो एवं फोटोग्राफी सहित निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा विभिन्न सामग्रियों एवं सेवाओं की दरें पहले से तय करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए लगभग 22 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी, जिसके सापेक्ष अभी तक 14,800 कार्मिकों का डेटा संकलित किया जा चुका है। जिन विभागों ने अभी तक कार्मिकों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चुनाव ड्यूटी से छूट मांगने वाले कार्मिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल समिति गठित करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य टीम तैयार रखने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की दस विधानसभा क्षेत्रों में 2,045 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 765 ग्रामीण तथा 1,279 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पेयजल, फर्नीचर, रैंप, शेड और नेटवर्क सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 50 जोनल एवं 230 सेक्टर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए। सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
निर्वाचन के दौरान अवैध नकदी, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके तहत हिमाचल प्रदेश के सिरमौर एवं शिमला तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से जुड़ी सीमाओं सहित अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित की जाएंगी। फ्लाइंग स्क्वॉड, वीडियो सर्विलांस, वीडियो व्यूइंग, एमसीएमसी एवं निर्वाचन व्यय लेखा टीमों के गठन और उनके प्रशिक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
मतदाता सहभागिता बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने तथा ऐसे मतदेय स्थलों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां पुरुषों अथवा महिलाओं का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवार रणनीति बनाकर अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, मूवमेंट स्थल, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करने तथा संबंधित मैप सात दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन कार्मिकों को तीन चरणों में प्रशिक्षण देने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में टेंट एवं बैरिकेडिंग व्यवस्था के नोडल अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर निर्वाचन तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ स्वयं उपस्थित रहें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जीतेन्द्र कुमार सहित विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए नियुक्त सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
