देहरादून। ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी योजना, रीप ग्रामोत्थान परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, ग्रामीण कौशल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन योजना की प्रगति की समीक्षा की।

सीडीओ ने वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 10 दिसंबर तक 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, कालसी में रिक्त पदों पर आचार संहिता से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने तथा स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थियों के खातों में आवश्यक धनराशि का हस्तांतरण आचार संहिता लागू होने से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटरों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने और आपदा से क्षतिग्रस्त पीएमजीएसवाई सड़कों की मरम्मत एवं लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरण से जुड़ी बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा।

बैठक में स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को मिले रोजगार की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना चाहिए तथा सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
