मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री की छह विकास कार्यों की घोषणा,गन्ना मूल्य वृद्धि पर जल्द होगा निर्णय

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जनपद के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, नारसन खुर्द में पक्के नाले का निर्माण, लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर बंद पड़े पुल का निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास तक सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। वहीं, गन्ना मूल्य वृद्धि के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ने का मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष भी मूल्य वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंगलौर क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और छोटे उद्यमियों का क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक परिवारों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय तथा 32 हजार से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 27 पेयजल पंपिंग योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क नहर सिंचाई तथा कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन, कानून व्यवस्था, युवाओं को रोजगार, किसानों की आय में वृद्धि और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताएं हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू कर महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *