अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के आवेदनों का 10 दिन में सत्यापन पूरा करने के डीएम ने दिए निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ पात्र छात्राओं तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का निर्धारित समय में सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में योजना के अंतर्गत छात्राओं के चयन को लेकर गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की गहनता से जांच करते हुए पात्रता संबंधी सभी मानकों का गंभीरता से परीक्षण करने को कहा।

बैठक में प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी ने जानकारी दी कि योजना के तहत कुल 416 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से प्रथम चरण की जांच में 28 आवेदन अपात्र पाए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शेष आवेदनों का आगामी 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन पूरा कर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी हों।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा निर्धारित अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाली अल्पसंख्यक समुदाय की पात्र छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत कक्षा 10वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 10 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये की धनराशि दी जाती है।

इसी प्रकार कक्षा 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 15 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को सम्मान देना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को बढ़ावा देना है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *