देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का देवभूमि उत्तराखंड दौरा प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उनके इस दौरे से प्रदेश में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। साथ ही यह उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार का नेतृत्व उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को राज्य के 26वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि हमारे संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है। 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का गठन कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षा को साकार किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को संवारने और विकास की नई दिशा देने का कार्य निरंतर जारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य हमें खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसे स्थानों पर हुए ऐतिहासिक बलिदानों के बाद मिला है। राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का सानिध्य प्राप्त हुआ। गृह मंत्री के रूप में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय और सहकारिता के माध्यम से गांव-गांव को सशक्त बनाने का उनका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमांत राज्य उत्तराखंड के प्रति उनकी चिंता और केंद्र सरकार से मिल रहा सहयोग अभूतपूर्व है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री के विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में चारधाम यात्रा को सुगम बनाया गया है। केदारनाथ का पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहन देने जैसे प्रयास प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।
