ग्राम वाण में ₹1.36 करोड़ से बनेगी आधुनिक पार्किंग, 84 वाहनों की होगी क्षमता

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चमोली जनपद के प्रसिद्ध ग्राम वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 1 करोड़ 36 लाख 36 हजार रुपये की लागत से आधुनिक सतही पार्किंग विकसित की जाएगी।

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना के तहत लगभग 2,300 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिसमें एक साथ 84 वाहन खड़े हो सकेंगे। पार्किंग परिसर में शौचालय ब्लॉक और सुरक्षा एवं देखरेख के लिए गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। यह पार्किंग निर्माणाधीन हेलीपैड के समीप विकसित की जाएगी।

समुद्र तल से लगभग 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ग्राम वाण धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह विश्वप्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही लाटू देवता मंदिर के लिए भी प्रसिद्ध है। इसके अलावा रूपकुंड और बेदनी बुग्याल ट्रेक पर जाने वाले पर्यटकों एवं ट्रेकर्स के लिए यह महत्वपूर्ण बेस कैंप है।

पर्यटन सीजन और धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने से वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है। नई पार्किंग बनने से इस समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

परियोजना के अंतर्गत शौचालय एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाएं विकसित होने से महिलाओं, बुजुर्गों और परिवारों के साथ आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आवास सचिव के अनुसार, मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर की जा रही यह पहल प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का आधारभूत ढांचा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नंदा राजजात यात्रा, लाटू देवता मंदिर तथा रूपकुंड-बेदनी बुग्याल आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *