उत्तराखंड न्याय यात्रा के तहत 30 और 31 अक्टूबर को डोईवाला, ऋषिकेश और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे: गणेश गोदियाल

Share on Social Media


देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के क्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस यात्रा के माध्यम से महिला अपराध, महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी, पलायन, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं, भर्ती घोटालों, अग्निवीर योजना तथा भाजपा सरकारों की अन्य जनविरोधी नीतियों के मुद्दों को उठाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि प्रदेश में आयोजित की जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के अंतर्गत 30 अक्टूबर को देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर से यात्रा की शुरुआत करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे देहरादून से डोईवाला के लिए प्रस्थान किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे डोईवाला पहुंचकर वहां आयोजित उत्तराखंड न्याय यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जाएगा। इसके बाद सायं 4 बजे ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आयोजित न्याय यात्रा कार्यक्रम में सहभागिता की जाएगी।
31 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया जाएगा। इसके उपरांत प्रातः 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से रायपुर के लिए प्रस्थान होगा तथा 11:30 बजे रायपुर पहुंचकर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित उत्तराखंड न्याय यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार न्याय यात्रा के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों, विधायकों, पूर्व विधायकों, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी अपने-अपने जनपद, महानगर, ब्लॉक और नगर मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अपने संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

गोदियाल ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से न्याय यात्रा के कार्यक्रमों से संबंधित समाचार पत्रों की कतरनें प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील भी की, ताकि कार्यक्रमों की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *