हरिद्वार में “वोट बचाओ-देश बचाओ”मार्च के जरिए कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Share on Social Media

हरिद्वार। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व एवं कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की उपस्थिति में आज हरिद्वार में कांग्रेसजनों ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ निकालकर चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों एवं SIR प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं तो चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह हर सवाल का पारदर्शी और संतोषजनक जवाब दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी ऐसी प्रक्रिया को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे पात्र मतदाताओं के मताधिकार से वंचित होने की आशंका पैदा हो।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस का यह संघर्ष संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट की ताकत कमजोर होगी तो लोकतंत्र कमजोर होगा और कांग्रेस इस लड़ाई को हर स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

मार्च के दौरान कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। इसके बाद गंगा मैया में आस्था की डुबकी लगाकर देश में लोकतंत्र, संविधान और जनमत की रक्षा के लिए प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, CWC सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, रघुबीर सिंह बिष्ट, अश्वनी बहुगुणा, मनवर सिंह रावत, नरेंद्र सजवाण,सहित हरिद्वार क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधायक, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, हरिद्वार जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *