देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज विधानसभा, देहरादून में राज्यसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दिनेश आर्य को नामांकन के अवसर पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दिनेश आर्य अपने अनुभव और सक्रिय जनसेवा के माध्यम से राज्य के हितों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में उत्तराखण्ड का प्रभावी प्रतिनिधित्व प्रदेश की विकास संबंधी आवश्यकताओं, जनहित के मुद्दों और राज्य से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने पार्टी प्रत्याशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
