उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखण्ड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले नव-साक्षरों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनना शिक्षकों, विद्यार्थियों, नव-साक्षरों, स्वयंसेवकों और अभियान से जुड़े सभी लोगों की मेहनत एवं सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों वाले राज्य में यह लक्ष्य हासिल करना प्रदेशवासियों की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत उत्तराखण्ड ने यह गौरव हासिल किया है। मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के बाद उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।

उन्होंने नव-साक्षरों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साबित किया है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और आगे बढ़ने में कभी देर नहीं होती। उन्होंने कहा कि आज साक्षरता का अर्थ केवल पढ़ना-लिखना या हस्ताक्षर करना नहीं, बल्कि अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तथा जीवनोपयोगी कौशल भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा को अधिक समावेशी और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम एवं सेंट्रल स्टूडियो की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं। नंदा गौरा योजना के माध्यम से पात्र छात्राओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री बालाश्रय योजना के तहत अनाथ बच्चों की निःशुल्क शिक्षा सुनिश्चित की जा रही है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के 100-100 विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

कार्यक्रम में विधायक  सविता कपूर, अपर सचिव भारत सरकार  अर्चना शर्मा अवस्थी, सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव  नमामि बंसल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *