बीरोंखाल पौड़ी गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीरोंखाल में मंगलवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
महाराज ने बताया कि उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना (जलागम) के तहत बीरोंखाल विकासखंड की 68 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024 से 2030 तक लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत सिंचाई, जल संरक्षण, उद्यान एवं सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 12 एलडीपीई टैंक, 7 वाटर हार्वेस्टिंग टैंक, 10 ड्रिप सिंचाई प्रदर्शन इकाइयां तथा 57 सब्जी उत्पादन एवं मल्चिंग प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि रबी फसलों के लिए गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर तथा खरीफ फसलों के लिए मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए वितरित किया गया है। सब्जी एवं मसाला उत्पादन के लिए टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रेंच बीन्स, हल्दी और अदरक के बीज भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त वर्मी कंपोस्ट, बायो-कंपोस्ट तथा पॉली टनल जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
महाराज ने बताया कि बकरी नस्ल सुधार के लिए 21 बकरा सांड वितरित किए गए हैं। परियोजना के प्रभावी संचालन के लिए तीन यूनिट स्तरीय समितियों का गठन भी किया गया है।
शिविर के दौरान मंत्री ने बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.4 लाख रुपये से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन तथा रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर चितौण खाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए विधायक निधि से 4 लाख रुपये तथा हिंडोला गैरी से हनुमान गढ़ी बड़ेधार तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमपाल, महामंत्री यशवंत विष्ट, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, महिला मोर्चा एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
