देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जनपद देहरादून में पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निकायों, तहसीलों, विकासखंडों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र बुजुर्गों का चिन्हीकरण करते हुए उन्हें वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य पात्र योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जुलाई 2026 से सितंबर 2026 तक जनपद में कुल 1,611 पात्र वृद्धजनों को चिन्हित किया गया है। इनमें से सितंबर माह में विशेष अभियान चलाकर 708 पात्र बुजुर्गों का चिन्हीकरण किया गया तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा इन पात्र लाभार्थियों को नवंबर 2026 से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग द्वारा नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में पेंशन की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
समाज कल्याण विभाग की निर्धारित पात्रता के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को 1,500 रुपये प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन प्रदान की जाती है। पात्रता की शर्तें पूरी होने पर पति-पत्नी दोनों को पेंशन का लाभ मिलने की स्थिति में परिवार को कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता बैंक खाते के माध्यम से प्राप्त होती है।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान के दौरान ऐसे बुजुर्गों की पहचान की गई, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश अभी तक वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे। अभियान के तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र बुजुर्गों की जानकारी जुटाने के साथ ही उनके आवेदन और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर से आवश्यक कार्रवाई एवं प्रस्ताव तैयार कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन आगे बढ़ाए गए, जबकि शहरी क्षेत्रों में संबंधित तहसील एवं स्थानीय निकायों के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा किसी पात्र व्यक्ति पर उपकार नहीं, बल्कि उसका अधिकार है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव, आर्थिक कठिनाई अथवा आवेदन प्रक्रिया की जटिलता के कारण न मिले, बल्कि प्रत्येक पात्र बुजुर्ग तक समयबद्ध और सम्मानजनक तरीके से पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र भ्रमण एवं सर्वे के दौरान पात्र बुजुर्गों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहें तथा आवेदन एवं दस्तावेजी प्रक्रिया में जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि “एक-एक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजना पहुंचे” यह जिला प्रशासन का लक्ष्य है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, नगर निकायों, तहसीलों, विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को केवल योजनाओं की जानकारी ही न दी जाए, बल्कि उनकी पात्रता के अनुरूप वास्तविक लाभ भी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
वृद्धावस्था पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र बुजुर्ग स्वयं अथवा परिजनों की सहायता से नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से समाज कल्याण विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
